लवकुश बैरागी, आगर मालवा। आगर मालवा के सुसनेर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज है। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में नेताओं के बयान भी अब सुर्खियां बटोर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सुसनेर पहुंचे मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ऐसा तंज कसा, जिसकी अब जमकर चर्चा हो रही है।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से विकास कार्यों का जिक्र किया और कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है, जबकि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। ऐसे में कांग्रेस विकास कार्यों के लिए पैसा कहां से लाएगी। इसी दौरान उन्होंने सुसनेर के कांग्रेस विधायक का जिक्र करते हुए अपने अंदाज में “घंटी” वाला व्यंग्य किया।
ये भी पढ़ें: ‘डेंगू से कोई नहीं मरता, अच्छा खाओ-पियो और आराम करो…’, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के अजीबोगरीब बयान से बवाल
विजयवर्गीय ने कहा कि अगर भाजपा प्रत्याशी जीतकर विकास कार्यों के प्रस्ताव लेकर उनके पास आता है तो उन प्रस्तावों को मंजूरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के संदर्भ में उन्होंने “घंटी मिलने” और “घंटी बजने” की बात कहते हुए जनता के सामने राजनीतिक सवाल रखा। अब विजयवर्गीय के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और इस बयान को लेकर सुसनेर की चुनावी राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज है।
घंटी वाला बयान, विकास बनाम सियासी तंज और अब फैसला सुसनेर की जनता के हाथ में है। वहीं अब इस बयान के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गुडडू लाला का बयान आया है। उन्होंने कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय वोटरों को डराने का काम कर रहे है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


