प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मदरा गांव में झाड़ियों के बीच लावारिस हालत में मिली सात महीने की बच्ची का जिला प्रशासन और बाल संरक्षण इकाई की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया है। बच्ची के मिलने की सूचना पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अपनी निगरानी में लिया। बाल संरक्षण इकाई के अनुसार, बच्ची फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है तथा प्रशासन की देखरेख में उसकी समुचित देखभाल की जा रही है।
मामले का विवरण एवं रेस्क्यू ऑपरेशन
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम-मदरा (चैनपुर) में झाड़ियों के पास कोई इस 07 माह की बच्ची को लावारिस हालत में छोड़ा गया था। इस बीच स्थानीय ग्रामीण महिला सुनीता देवी ने मानवता का परिचय देते हुए बच्ची को इस दयनीय स्थिति में देखा और तत्काल उसे अपने संरक्षण में लिया। इसके उपरांत, सजगता दिखाते हुए मामले की सूचना तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल करके दी गई। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं चाइल्ड हेल्पलाइन (CHL) के कर्मी अविलंब मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम के सक्रिय सहयोग से बच्ची का त्वरित रेस्क्यू (उद्धार) किया गया।
चिकित्सीय जांच एवं वर्तमान स्थिति
रेस्क्यू के पश्चात बच्ची को तुरंत आवश्यक चिकित्सीय उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण हेतु सदर अस्पताल, कैमूर (भभुआ) में भर्ती कराया गया। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा बच्ची की गहन स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें बच्ची को पूरी तरह स्वस्थ और खतरे से बाहर (स्वस्थ अवस्था में) बताया गया है।
वर्तमान में जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन (CHL) के समर्पित कर्मियों द्वारा बच्ची की उचित देखरेख, पोषण और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
अग्रिम प्रशासनिक कार्रवाई
सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल से डिस्चार्ज की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, बच्ची के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए उसे दत्तक ग्रहण संस्थान (Adoption Agency), कैमूर में नियमानुसार आवासित (शिफ्ट) करा दिया जाएगा, ताकि आगे की कानूनी और पुनर्वास प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
अपील:प्रशासन आम जनता से अपील करता है कि किसी भी बच्चे के लावारिस मिलने पर उसे असुरक्षित छोड़ने के बजाय तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते मासूमों का जीवन सुरक्षित किया जा सके।
ये भी पढ़ें- ‘जदयू मतलब नीतीश कुमार’, JDU का नाम बदलने पर उमेश सिंह कुशवाहा का बड़ा बयान



