प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में आज बुधवार की सुबह भभुआ थानाक्षेत्र के दतियांव मोड़ के समीप ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार प्रधानाध्यापक की मौत हो गई, जबकि हादसे में बाइक पर सवार एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार दोनों शिक्षक बुधवार की सुबह 6 बजे के करीब बाइक से चैनपुर प्रखंड के बजडीहा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान हादसे में प्रधानाध्यापक की मौत हो गई।

मृतक प्रधानाध्यापक की पहचान मोहनिया थानाक्षेत्र के उसरी गांव निवासी स्व छवि गोंड़ के बेटे लाल बाबू प्रसाद गोंड़ के रूप में हुई है, जबकि घायल शिक्षक रोहतास जिले के कोचस थानांतर्गत सरैया गांव निवासी 43 वर्षीय वीरेंद्र कुमार पिता लाल बहादुर भारती के रूप में पहचान हुई।

हादसे के संबंध में घायल शिक्षक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि आज बुधवार की सुबह 6 बजे वे दोनों लोग बाइक से बजडीहा स्थित विद्यालय जा रहे थे। बाइक प्रधानाध्यापक लाल बाबु प्रसाद चला रहे थे। इसी दौरान भभुआ चैनपुर सड़क एनएच 219 पर स्थित दतियांव मोड़ के समीप एक ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सहित दोनों लोग ट्रक के नीचे आ गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। इस दौरान जुटे स्थानीय लोगों के मदद से दोनों घायल शिक्षकों को इलाज के लिये तत्काल सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने प्रधानाध्यापक को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि उनका इलाज चल रहा है।

इधर घटना की जानकारी होने के बाद सदर अस्पताल में शिक्षकों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, मौके पर भभुआ थाने की पुलिस भी पहुंची, जिसने मृतक प्रधानाध्यापक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा दोनों शिक्षकों के घरवालों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिजनों ने सरकारी सहायता और मुआवजे की मांग की है।

ये भी पढ़ें- ‘7 दिन में बंगला खाली नहीं किया तो…’, राबड़ी देवी को मिला चेतावनी भरा अंतिम नोटिस