प्रमोद कुमार, ​कैमूर। बिहार में अपराधी किस कदर बेखौफ हो चुके हैं इसकी बानगी कैमूर जिले के मोहनियां में देखने को मिली। यहां गुरुवार की शाम कुछ हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सीएसपी (CSP) केंद्र में घुसकर जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने न केवल दुकान में तोड़फोड़ की, बल्कि संचालक को धमकाते हुए अपनी दबंगई का परिचय दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

​क्या है पूरा मामला?

​घटना मोहनियां थाना क्षेत्र के टंडवा स्थित यूनियन बैंक के सीएसपी केंद्र की है। पीड़ित संचालक ब्रजेंद्र कुमार के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब चार बजे जब ग्राहक कम थे, तब वह अपनी दुकान के बाहर बैठे थे। तभी पांच से छह की संख्या में अपराधी वहां पहुंचे। उन्होंने पहले पास की एक दुकान पर जाकर लोगों को धमकाया और फिर सीधे सीएसपी केंद्र में घुस गए।

​दबंगई का वीडियो और सीसीटीवी में कैद वारदात

​हथियार लहराते हुए अपराधियों ने सीएसपी केंद्र में मौजूद लैपटॉप समेत अन्य कीमती सामानों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने सबूत मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया, लेकिन तब तक पूरी वारदात रिकॉर्ड हो चुकी थी। पीड़ित का आरोप है कि अपराधियों ने खुलेआम चुनौती दी कि वे अभी जेल से छूट कर आए हैं और अब पूरे मोहनियां में उन्हीं की दबंगई चलेगी।

​पुलिस की कार्रवाई

​घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मोहनियां डीएसपी गोपाल कृष्ण ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित के बयान के आधार पर एक नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मोहनियां थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
​पीड़ित ब्रजेंद्र कुमार ने बताया कि इस तोड़फोड़ में उन्हें लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। प्रशासन ने दावा किया है कि दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।