प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के दुर्गावती प्रखंड की ढड़हर पंचायत में पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक कच्ची सड़क को पक्की करने की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू हो गया। पूर्व मुखिया भाई चंद्र रावत व मनोज राजभर सहित करीब आधा दर्जन लोग पिपरी गांव के पास अनशन पर बैठे हुए हैं। अनशनकारियों ने इसकी लिखित सूचना कैमूर डीएम समेत संबंधित अधिकारियों को दी है।
आजादी के बाद से अब तक नहीं हुआ पक्कीकरण
अनशनकारी मनोज राजभर ने बताया कि, आजादी के बाद से अब तक इस सड़क का पक्कीकरण नहीं हुआ है। इस रास्ते से ढड़हर, पिपरी, मझवा, कान्हपुर, बिलखुरी, धनसराय, सखेलीपुर और बढ़ौरी समेत कई गांवों के बच्चे स्कूल पहुंचते हैं। बरसात में कीचड़ के कारण विद्यार्थियों को भारी परेशानी होती है।
उन्होंने बताया कि सड़क का सर्वे और डीपीआर पहले ही तैयार हो चुका है, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ। सीधा रास्ता नहीं होने से ग्रामीणों को जीटी रोड, कर्मनाशा हाईवे और भानपुर होकर करीब 12 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
सरकार ने निरस्त कर दिया था टेंडर- बसपा विधायक
अनशनकारियों ने डीपीआर के आधार पर एमजीएसवाई योजना से सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उनके साथ पूर्व मुखिया भाई चंद रावत, अलीहार सिंह यादव, जय नारायण राजभर और अरुण राजभर भी अनशन में शामिल हैं। इस मामले को लेकर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने कहा कि, सड़क निर्माण के लिए पहले टेंडर हुआ था, जिसे सरकार ने निरस्त कर दिया था। अब दोबारा टेंडर कराने को लेकर उन्होंने सचिव को पत्र लिखा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- ‘उसी भाषा में मिलेगा जवाब’, रोहिणी ने मांझी परिवार पर फिर साधा निशाना, तेजस्वी को भी नहीं बख्शा

