प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के मोहनिया में ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से नाराज एक बाइक सवार ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। चालान कटने से आक्रोशित युवक ने सीधे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री के काफिले को रोक दिया और बीच सड़क पर धरने पर बैठ गया। इस घटना से प्रशासनिक महकमे में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

​चांदनी चौक पर मंत्री का काफिला रुका

​सोमवार शाम करीब 6 बजे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र पटना से कैमूर के भभुआ मुख्यालय जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला मोहनिया के व्यस्त चांदनी चौक के समीप पहुंचा, स्थानीय निवासी बिट्टू कुमार पटेल ने अपनी बाइक सीधे मंत्री के वाहन के आगे खड़ी कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मंत्री का काफिला रुक गया। हालांकि, मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बाइक को सड़क से हटाया, जिसके बाद मंत्री का काफिला आगे बढ़ सका। काफिला निकलने के बाद भी युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह दोबारा बाइक को बीच सड़क पर खड़ा कर धरने पर बैठ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और मामले को संभाला।

​क्यों भड़का बाइक सवार?

​विरोध प्रदर्शन कर रहे बिट्टू कुमार पटेल ने बताया कि मोहनिया के भभुआ रोड में उनकी दुकान है। उन्होंने अपनी बाइक दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़ी की थी, जिस पर ट्रैफिक पुलिस ने चालान काट दिया। युवक का आरोप है कि प्रशासन द्वारा शहर में कहीं भी वाहन पार्किंग के लिए कोई उचित जगह या स्टैंड उपलब्ध नहीं कराया गया है, इसके बावजूद आम चालकों पर मनमाने तरीके से जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। इसी व्यवस्था से तंग आकर उसने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए मंत्री के काफिले के आगे गाड़ी खड़ी की थी। वहीं, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार प्रसाद ने बताया कि युवक ने मंत्री के काफिले के आगे बाइक अड़ा दी थी, जिसे सुरक्षाकर्मियों की मदद से तुरंत हटवा दिया गया।

​मंत्री की प्रतिक्रिया

​घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, जब युवक ने अपनी समस्या मंत्री के सामने रखी, तो मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने संयम से काम लेते हुए उसे संबंधित अधिकारियों से बात करने की सलाह दी। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।