प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के अधौरा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर अधौरा थाना पुलिस ने गम्हरिया जंगल में छापेमारी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। हालांकि इस दौरान शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

दरअसल पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि गम्हरिया जंगल के रास्ते एक बोलेरो वाहन से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की। पुलिस की गतिविधि की भनक लगते ही तस्कर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।

775 लीटर विदेशी शराब बरामद

तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर UP33AE4438 से कुल 775.785 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को जब्त करने के साथ ही बोलेरो वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। शराब बरामदगी के बाद पुलिस फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

तस्करों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब कहां से लाई गई थी? और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। अधौरा जैसे दुर्गम और जंगल क्षेत्र में शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और अभियान चलाए जाने की बात कही जा रही है। अधौरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि, गुप्त सूचना पर कार्रवाई हुआ है, फिलहाल आगे की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- TRE-4 को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी, राज्यपाल से मिले पप्पू यादव, सौंपा ज्ञापन