कुंदन कुमार, पटना। बीपीएससी द्वारा TRE-4 का विज्ञापन जारी करने के बावजूद छात्र बीते 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हुए हैं। इस बीच आज शुक्रवार (21, अगस्त) को छात्रों के मुद्दे को लेकर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और 13 सूत्री मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ आंदोलन में शामिल कुछ छात्र भी थे, जो विभिन्न मांगों को लेकर गर्दनीबाग धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
राज्यपाल करेंगे सीएम से बात- पप्पू यादव
राज्यपाल से मुलाकात के बाद बाहर निकलते हुए पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, राज्यपाल से हमारी मुलाकात हुई है। हमारे साथ पीएचडी होल्डर दो छात्र भी में मौजूद थे। छात्र नेता दिलीप कुमार के भी प्रतिनिधि ने हमारे साथ राज्यपाल से मुलाकात की है। हमने उन्हें सभी मामलों का अवगत कराया है। उन्होंने हमारी सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना औऱ मुख्यमंत्री से इस बारे में बात करने की बात कही है।
‘2-3 महीने में निकलेगी लाइब्रेरियन की वैकेंसी’
पप्पू यादव ने कहा कि, लाइब्रेरियन की वैकेंसी दो से तीन महीना में निकलने वाली है। इस तरीके से 70वीं बीपीएससी परीक्षा, दरोगा बहाली, बीएससी परीक्षा समेत सभी मुद्दों को राज्यपाल ने स्वीकार किया है। राज्यपाल ने कहा कि उम्र के मामले को छोड़कर वे इन सभी मुद्दों पर सरकार से बात करेंगे। उन्होंने दोनों अध्यक्ष (BPSC or BSSC) को बुलाकर बात करने की बात की है।
राहुल गांधी गोली खाने को भी तैयार- पप्पू यादव
राज्यापल ने कहा कि, मैं बच्चों को निराश नहीं होने दूंगा। साथ ही उन्होंने छात्रों से अपील की वे भूख हड़ताल नहीं करें। पप्पू यादव ने कहा कि, हमने राज्यपाल को बताया कि पहले इन्होंने (सरकार व बीपीएससी) डेढ़ लाख शिक्षक बहाली करने की बात कही थी। अब यह लोग 35,000 लगभग बहाली की बात कर रहे हैं। इसपर उन्होंने अपनी चिंता जाहिर की और इसे गलत बताया। वहीं, एक सवाल के जवाब में पप्पू यादव ने कहा कि, राहुल गांधी बच्चों के मुद्दे पर गोली खाने को भी तैयार हैं।
एकल परीक्षा और माइनस मार्किंग हटाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्र TRE 4 में एकल परीक्षा और माइनस मार्किंग हटाने की मांग पर अड़े हुए है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से लगातार जारी रहेगा। छात्रों के आंदोलन पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, सभी छात्र बिहार के भविष्य हैं। जो छात्र हैं, अभ्यर्थी हैं, वो बिहार के भविष्य हैं और उनके भविष्य के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। सरकार लगातार उनके लिए विभिन्न पदों पर वैकेंसी निकाल रही है। TRE-4 भी उसी में से एक है। उन्हें सरकार के हर निर्णय का इंतजार करना चाहिए और सरकार पर भरोसा करना चाहिए।
ये भी पढ़ें- थाने के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी पर सियासत तेज, गिरिराज सिंह बोले- कांग्रेस का मतलब…

