प्रमोद कुमार/कैमूर/रामगढ़। कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-319A) पर अकोढी गांव के समीप हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह शव को सड़क के बीचों-बीच रखकर प्रदर्शन किया और सड़क मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

​सड़क पार करते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान बांदीपुर डेरा निवासी श्याम नारायण चौधरी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम श्याम नारायण चौधरी अकोढी गांव के पास सड़क पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही गिरकर तड़पने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।

​इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय तोड़ा दम

रामगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एम्बुलेंस से वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश चंदौली के समीप रास्ते में ही श्याम नारायण चौधरी ने अंतिम सांस ली। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

​प्रशासन की समझाइश पर खुला जाम

बुधवार की सुबह जब मृतक का शव गांव पहुंचा, तो ग्रामीण और परिजन काफी आक्रोशित थे। उन्होंने एनएच-319A पर शव रखकर यातायात ठप कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) जितेंद्र कुमार, रामगढ़ थाना अध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा और समाजसेवी सोनू गुप्ता के साथ कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।