प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां शादी की शहनाइयों की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी के महज दस दिन बाद एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है, और नवविवाहिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
आमने-सामने की टक्कर में हुआ हादसा
यह दर्दनाक वाकया कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कुदरा थाना क्षेत्र के नसेज गांव निवासी मदन कुमार सिंह का 30 वर्षीय पुत्र निलेश कुमार सिंह सोमवार को किसी काम से अपने रिश्तेदारों से मिलने रामगढ़ गया था। देर शाम जब वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था, तभी मोहनिया थाना क्षेत्र के दसौती नहर के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और निलेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
वाराणसी ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में घायल निलेश को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में निलेश ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी
मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे परिजन शव को लेकर मोहनिया थाना पहुंचे। मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की मौत रास्ते में ही हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

