प्रमोद कुमार, कैमूर। शराबबंदी वाले इस राज्य में कानून की धज्जियां उड़ाते हुए तीन शराबी युवकों ने एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में जमकर हंगामा किया। नशे में धुत इन युवकों ने न सिर्फ स्कूल की शिक्षण व्यवस्था को ठप किया, बल्कि छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​रामपुर प्रखंड के बाराडीह स्कूल की घटना

​घटना रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले न्यू प्राथमिक विद्यालय, बाराडीह की है। सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे तीन युवक बाइक पर सवार होकर नशे की हालत में सीधे स्कूल परिसर में जा धमके। उस समय ग्रामीण पास ही के भीतरीबांध पंचायत में आयोजित एक आम सभा में शामिल होने गए थे।

​बच्चों को कमरे में बंद करने और दुर्व्यवहार का आरोप

​विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद शर्मा और ग्रामीण (मंटू चौधरी, छोटेलाल शर्मा, सुदामा चौधरी, संजय चौधरी व बिगाऊ चौधरी) के अनुसार, नशे में चूर युवकों ने स्कूल के कुछ बच्चों को कमरे में बंद कर उनके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की। जब शिक्षकों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उन उपद्रवियों ने शिक्षकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। स्कूल की एक शिक्षिका ने दो आरोपियों की पहचान भी कर ली है। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण स्कूल में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई।

​ग्रामीणों के पहुंचने पर मारपीट

​हंगामे की सूचना मिलने पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने तुरंत ‘डायल 112’ पुलिस को फोन कर मदद मांगी। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
​करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों अक्षय लाल राम और विमलेश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरे फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।