प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां कुदरा से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे दो छात्र नदी पार करते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए। इस हादसे में एक छात्र की जहां, डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरे छात्र को ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे थे छात्र

मृतक युवक की पहचान रामपुर निवासी विनोद साह के पुत्र विवेक कुमार (17) के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे छात्र की पहचान जिसे ग्रामीणों ने बचा लिया उसकी पहचान राम एकबाल के पुत्र गोलू के रूप में हुई है। दोनों कुदरा से ट्यूशन पढ़ कर घर लौट रहे थे। इस बीच कुदरा से रामपुर जाने वाले रास्ते में श्रमदान से बनी पुलिया पार करने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और इस हादसे का शिकार हो गए।

…तो टल सकता था हादसा

दरअसल जिले में लगातार बारिश के दौरान दुर्गावती और कर्मनाशा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। कुदरा बाजार में दुर्गावती नदी पर बना अस्थायी पुल डूब चुका है। जिसके चलते लोगों को नदी में से होते हुए उसे पार करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर नदी पर लाल कपड़े से घेराव या बांस-बल्ली लगाकर रास्ता बंद किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था। इसे लेकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

सरकार से मुआवजे की मांग

युवक के डूबने की खबर सुनते ही घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद विवेक का शव नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, इलाके के लोगों में भी शोक की लहर है। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।

ये भी पढ़ें- सुबह-सुबह पटना में भीषण सड़क हादसा: कार सवार दंपत्ति समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत