कैथल पुलिस ने नशा तस्कर जगदीप उर्फ जग्गी को 267 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब 7 लाख रुपये है।

राकेश कथूरिया, कैथल। जिला पुलिस ने आईजी करनाल रेंज अशोक कुमार के निर्देश और एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी नारकोटिक सैल-2 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना सदर क्षेत्र से एक नशा तस्कर को 267 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर नाकाबंदी और गिरफ्तारी

डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि एंटी नारकोटिक सैल-2 प्रभारी पीएसआई सनेश कुमार की टीम संगतपुरा क्षेत्र में गश्त पर थी। टीम को सूचना मिली कि बरनाला (पंजाब) निवासी जगदीप उर्फ जग्गी अपनी बाइक पर हेरोइन की खेप लेकर कैथल की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही रजबाहा पुल संगतपुरा पर नाकाबंदी की गई। संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय बीर भान की उपस्थिति में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 267 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

रिमांड पर खुलेगा नेटवर्क का राज

आरोपी जगदीप उर्फ जग्गी को थाना सदर में दर्ज मामले के बाद चौकी संगतपुरा प्रभारी पीएसआई मन्नु द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली है। व्यापक पूछताछ और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आरोपी का न्यायालय से 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। डीएसपी ने कहा कि यह नशा तस्कर पंजाब से हेरोइन लाकर कैथल क्षेत्र में सप्लाई करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप उसे कहां से मिली थी और इस धंधे में और कौन-कौन शामिल हैं।