कैथल । कैथल के गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में एक साधु की मौत के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, साधु को कथित तौर पर बांधकर उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और करीब एक घंटे के भीतर पांच संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस को बाबा राजपुरी डेरे में एक साधु के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सदर थाना पुलिस के साथ सीआईए-1 और एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ डेरे में मौजूद साधुओं से पूछताछ शुरू की।
बाबा लदाना के सरपंच गुरनाम की शिकायत के आधार पर सदर थाना में हत्या से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। जांच में मृतक की पहचान शिव शंकर पुरी उर्फ राकेश के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वह करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद से बाबा राजपुरी डेरे में आया था और डेरे के मुख्य महंत दूजपुरी के पास रह रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिव शंकर पुरी के महंत दूजपुरी के कक्ष में जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसे बांध दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में महंत दूजपुरी, चेला लवकेश पुरी, बाबा लदाना निवासी होशियार सिंह, रजत और रवि उर्फ भोला को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मामले की आगे की जांच सदर थाना प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह के नेतृत्व में जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



