कैथल के ओएसडीएवी स्कूल में शनिवार को जिला पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और स्टाफ को डिजिटल फ्रॉड, फेक कॉल और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए।
राकेश कथूरिया, कैथल। साइबर अपराधों की रोकथाम व आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा लगातार आमजन को साइबर अपराधों से बचाव बारे जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को थाना साइबर क्राइम कैथल द्वारा ओएसडीएवी स्कूल कैथल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
साइबर अपराधों से बचाव के उपाय
कार्यक्रम में एएसआई विनोद कुमार व एएसआई प्रदीप की टीम ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फेक कॉल, लिंक के जरिए हैकिंग, सोशल मीडिया दुरुपयोग जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही इनसे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी जानकारी शेयर न करें।
हेल्पलाइन 1930 पर दें सूचना
पुलिस टीम ने सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा सोशल मीडिया पर मजबूत पासवर्ड बनाकर रखें। यदि साइबर ठगी हो जाए तो घबराएं नहीं, तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें। कार्यक्रम के दौरान वास्तविक केस स्टडी बताकर छात्रों को सावधानी बरतने के तरीके समझाए गए।
युवा सतर्क तो समाज सुरक्षित
कार्यक्रम में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए हथकंडों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने कहा कि “जितना डिजिटल होंगे, उतना ही साइबर सतर्क रहना आवश्यक है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा पीढ़ी यदि जागरूक बनेगी तो पूरा समाज सुरक्षित रहेगा।


