कैथल साइबर सेल ने पार्ट टाइम जॉब के नाम पर महिला से 12.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एमपी के रहने वाले हैं।

राकेश कथूरिया, कैथल। जिला पुलिस ने टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 12.75 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना प्रभारी एसआई रणदीप सिंह और एसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी अमित गोयल और बंटी खुशवा को काबू किया। आरोपियों ने पीड़ित महिला के बैंक खाते से अवैध रूप से बड़ी रकम का लेन-देन किया था। पुलिस ने एक आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पार्ट टाइम जॉब का खतरनाक जाल

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सुभाष नगर कैथल निवासी प्रीति ने शिकायत में बताया कि उसके खाते में एक प्लॉट की बिक्री के 12.75 लाख रुपये आए थे। वह टेलीग्राम ऐप का इस्तेमाल करती थी और कई जॉब ग्रुप्स से जुड़ी थी। 10 नवंबर 2025 को जब उसने अपना बैंक अकाउंट चेक किया, तो पता चला कि यूपीआई के माध्यम से पूरी रकम किसी ने दूसरे खातों में ट्रांसफर कर ली है। पीड़िता का कहना था कि उसने किसी के साथ भी अपनी बैंकिंग जानकारी साझा नहीं की थी। हालांकि, 25 नवंबर 2025 को उसका मोबाइल फोन भी गुम हो गया था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंच गई।

पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि उन्होंने पैसों के लालच में आकर ठगी के लिए बैंक अकाउंट उपलब्ध करवाए थे। साइबर ठगों का यह गिरोह लोगों को पार्ट टाइम काम का लालच देकर उनके खातों की जानकारी चुराता है या फिर अवैध लेन-देन के लिए खातों का इस्तेमाल करता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अज्ञात टेलीग्राम ग्रुप्स से जुड़ने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस टीम इस मामले में आगे की कड़ियां जोड़ रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा जा सके। साइबर अपराध के प्रति आमजन को लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि वे भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी से सुरक्षित रह सकें।