कैथल में डीसी अपराजिता ने अफसरों को समाधान शिविरों में आने वाली जन शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि पोर्टल पर हर शिकायत के समाधान की पूरी विस्तृत रिपोर्ट तथ्यों के साथ दर्ज की जानी चाहिए।

राकेश कथूरिया, कैथल। डीसी अपराजिता ने कहा कि जिला स्तरीय समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक जन शिकायत का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए। हरियाणा सरकार के समाधान प्रकोष्ठ द्वारा प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से अनुपालना सुनिश्चित करें। शिकायत के समाधान के बाद उसकी पूरी जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाए, ताकि शिकायतों का दोबारा लंबित होने की स्थिति उत्पन्न न हो। डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रही थीं। इस समीक्षा बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

तथ्यों के साथ पोर्टल करें अपडेट

इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय से उच्च अधिकारियों द्वारा समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों की गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि कई मामलों में स्पष्ट टिप्पणियां दर्ज न होने के कारण शिकायतें बिना वजह लंबित बनी रहती हैं। इसलिए प्रत्येक अधिकारी जांच रिपोर्ट के साथ तथ्यों पर आधारित विस्तृत विवरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान नियमानुसार संभव नहीं है, उन्हें संबंधित जांच रिपोर्ट के साथ कारण स्पष्ट करते हुए तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

मुख्यमंत्री कार्यालय कर रहा समीक्षा

उन्होंने कहा कि इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी। डीसी ने कहा कि प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को जिला तथा उपमंडल स्तर पर विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनकी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा नियमित समीक्षा की जाती है। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को पूरी गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान जमीनी स्तर पर उपलब्ध कराना है।

आपसी समन्वय से होगा कार्य

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाएं तथा आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर एडीसी सुशील कुमार, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर आने वाले दिनों में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है क्योंकि सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है।