कैथल के गांव दिल्लोंवाली में डीसी अपराजिता ने रात्रि प्रवास के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पेयजल के लिए नहरी पानी परियोजना को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
राकेश कथूरिया,कैथल। जिला के गांव दिल्लोंवाली में रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान डीसी अपराजिता ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में सरपंच सोनिया देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने डीसी का स्वागत किया। इस दौरान सबसे महत्वपूर्ण घोषणा नहरी पानी परियोजना को लेकर हुई। डीसी ने गांव दिल्लोंवाली सहित आस-पास के दस गांवों के लिए चल रही पेयजल परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ताकि लंबे समय से चली आ रही पेयजल किल्लत को समाप्त किया जा सके। डीसी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
नहरी पानी परियोजना पूरी करने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव के विकास और जनहित से जुड़ी कई मांगें रखीं। सरपंच सोनिया देवी ने बताया कि गांव में सड़कें, गलियां और सीसीटीवी जैसे कार्य तो हुए हैं, लेकिन तालाब के सौंदर्यीकरण और जल निकासी की समस्या अभी भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने आवारा पशुओं, विशेषकर नीलगाय के बढ़ते आतंक और आवारा कुत्तों की समस्या के प्रति भी चिंता जाहिर की। डीसी अपराजिता ने मौके पर ही संबंधित विभागों को इन समस्याओं के समाधान के लिए सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने वन विभाग को नीलगाय के प्रबंधन और आरटीए विभाग को बुजुर्गों के बस किराए संबंधी शिकायतों पर संज्ञान लेने को कहा, ताकि ग्रामीणों को रोजमर्रा की दिक्कतों से जल्द निजात मिल सके।
जन सुविधाओं के लिए अधिकारियों को आदेश
अपनी समस्याओं को रखते हुए ग्रामीणों ने पेंशन वितरण प्रक्रिया को गांव स्तर पर करने और सरकारी स्कूलों में चौकीदार की नियुक्ति की मांग की। इसके साथ ही रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति शहरों की तर्ज पर 25 दिन में सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया। डीसी ने डीएफएससी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मुख्यालय स्तर पर पत्राचार करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुविधाओं को सुचारू बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पेयजल पाइपलाइन बिछाने के काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि परियोजना पूरी होने से न केवल दिल्लोंवाली बल्कि आसपास के दस गांवों को भी स्वच्छ पेयजल मिलने का रास्ता साफ होगा।

