आईटीआई कैथल में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, कृषि मंत्री ने युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र

कैथल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अच्छी शिक्षा, बेहतर कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं और प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथ में हुनर होगा तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मंत्री श्याम सिंह राणा सोमवार को कैथल के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेले में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम में पहुंचने पर एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार और आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य सतीश मच्छाल ने मंत्री का स्वागत किया। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी का भी स्वागत किया गया। इस मौके पर सांसद नवीन जिंदल के प्रतिनिधि रविंद्र धीमान, भाजपा जिला मंत्री मनीष कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हर क्षेत्र में कौशल विकास पर जोर

श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार युवाओं को बदलते समय के अनुरूप तैयार करने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। हरियाणा कौशल रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में भी तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। कृषि को रोजगारपरक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि युवाओं को नए अवसर मिल सकें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सके।

प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। देश उनकी अगुवाई में विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, हिम्मत और प्रतिभा से है। प्रदेश के युवाओं ने शिक्षा, खेल, सेना, खेती और उद्योग समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

नौकरी लेने के साथ देने वाला भी बने युवा

मंत्री ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बन सकता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं होना चाहिए। युवाओं में ज्ञान के साथ कौशल, आत्मविश्वास और नई सोच विकसित होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि तकनीक का दौर तेजी से आगे बढ़ रहा है। डिजिटल तकनीक, विज्ञान, स्टार्टअप और नए रोजगार के क्षेत्र में लगातार अवसर बढ़ रहे हैं। ऐसे में युवाओं को नई तकनीक सीखकर समय के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

श्याम सिंह राणा ने युवाओं से पढ़ाई को गंभीरता से लेने, अपने हुनर को पहचानने, नई तकनीक सीखने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और मेहनत से ही सफलता हासिल की जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m