कैथल. गांधी जयंती के अवसर पर गांवों में स्वच्छता और विकास को लेकर विशेष पहल की जा रही है। 2 अक्टूबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सुबह 11 बजे विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ गांव के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, नशामुक्ति और बाल विवाह मुक्त गांव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।डीसी अपराजिता ने बताया कि विकास एवं पंचायत विभाग के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान सुबह 11 बजे विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिन गांव में जन योजना अभियान, जन कल्याणकारी योजना की उपलब्धि ग्रामीणों के समक्ष रखना, ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए गांव के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी तथा आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।


ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गांव में किए गए जनकल्याणकारी एवं सेवा कार्यों तथा उनकी उपलब्धियों की जानकारी ग्राम सभा के समक्ष रखी जाएगी और आगामी जनसेवा कार्यों की प्राथमिकता ग्रामीणों के साथ मिलकर तय की जाएगी।
इसी प्रकार स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पंचायत, सरपंच, सफाई मित्र, स्वयं सहायता समूह, युवा क्लब, पुस्तकालय अधिकारी, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित ग्राम पंचायत के प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाकर गांव में स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही गांव को स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना पर सहमति बनाई जाएगी।


विशेष ग्राम सभा में विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने पर भी चर्चा होगी। पंचायत राज विभाग एवं विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत गांव की स्थानीय आवश्यकताओं और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार कर ग्राम सभा में औपचारिक प्रस्ताव पारित करवाया जाएगा।


इसके अलावा गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय कर सत्यापन एवं प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ग्राम सभा में सहमति प्रस्ताव पारित कर गांव को बाल विवाह मुक्त गांव घोषित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जल अर्पण अभियान की गतिविधियों को भी विशेष ग्राम सभा में शामिल किया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं जल जीवन मिशन के सहयोग से जल स्रोतों का रखरखाव, जल की उपलब्धता, स्वच्छता तथा ‘हर घर जल’ व्यवस्था के निरंतर संचालन की समीक्षा की जाएगी और इसकी रिपोर्ट ग्रामीणों के समक्ष रखी जाएगी। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, गंदे पानी की निकासी एवं प्रबंधन, अमृत सरोवर से जुड़े कार्य, गांव में नशे से मुक्त करना व स्वच्छता आदि विषयों पर कार्रवाई व जागरूकता करना है।


वहीं, परिवार पहचान पत्र से संबंधित सत्यापन कार्य के तहत परिवार पहचान पत्र में दर्ज पारिवारिक विवरण एवं आय की जांच, छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने तथा आवश्यक सुधार करवाने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की जाएगी। पात्र लाभार्थियों के डेटा का सत्यापन ग्राम सभा के माध्यम से करवाने पर जोर रहेगा।
विशेष ग्राम सभाओं का उद्देश्य ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से पारदर्शी, सहभागी एवं योजनाबद्ध ग्राम विकास को बढ़ावा देना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए खंड स्तर पर संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से आह्वान किया कि वे 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग ले और स्वच्छता के इस अभियान को सफल बनाएं।