करनाल IG कार्यालय से आदेश के बाद हुई कार्रवाई, शिकायतकर्ता ने ASI समेत तीन लोगों पर लगाए आरोप
Kaithal Plot Fraud Case : कैथल। शहर के हुडा सेक्टर-21 में प्लॉट दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। करनाल IG के सिक्योरिटी एजेंट के तौर पर तैनात ASI मदन लाल को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की कार्रवाई IG कार्यालय से मिले आदेश के बाद कैथल SP कार्यालय की ओर से की गई। पुलिस प्रवक्ता परवीन श्योकंद ने ASI के निलंबन की पुष्टि की है।
मामले की जांच अब आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी गई है। शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओम प्रकाश के मुताबिक, यह केस कुछ दिन पहले ही जांच के लिए आर्थिक अपराध शाखा के पास पहुंचा है। जांच में शिकायत से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
ई-नीलामी के नाम पर 17 लाख लेने का आरोप
शिकायतकर्ता अमित शिकरी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसे हुडा सेक्टर-21 में ई-नीलामी के माध्यम से प्लॉट दिलाने की बात कही गई थी। इसी सिलसिले में करीब 17 लाख रुपये लिए गए। शिकायत में ASI मदन लाल के अलावा उसके बेटे अजय और कपिल शर्मा के नाम भी शामिल हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मदन लाल उसका पड़ोसी था और उसके पिता से भी परिचित था। इसी वजह से उसने उस पर भरोसा करते हुए रकम दी थी।
रकम वापस मांगने पर विवाद बढ़ा
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपियों की ओर से पहले 45 दिन के भीतर रकम लौटाने की बात कही गई थी। बाद में रकम वापस करने से इनकार करने का आरोप लगाया गया।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर मामला जांच के लिए आर्थिक अपराध शाखा को सौंपा गया है।
जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
आर्थिक अपराध शाखा के प्रभारी इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ने बताया कि मामला हाल ही में जांच के लिए उनके पास आया है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग की ओर से ASI मदन लाल को निलंबित किए जाने के बाद अब आर्थिक अपराध शाखा की जांच पर मामले की आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


