कैथल के इंदिरा गांधी पी.जी. महिला महाविद्यालय में 10 हरियाणा एनसीसी बटालियन द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' के समर्थन में रैली निकाली गई। इस दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और छात्राओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया गया।

राकेश कथूरिया,कैथल। इंदिरा गांधी पी.जी. महिला महाविद्यालय में आज 10 हरियाणा एनसीसी (NCC) बटालियन द्वारा एक विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली “ऑपरेशन सिंदूर” के समर्थन में ए.एन.ओ. सुदेश की देखरेख में निकाली गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करना था। कॉलेज परिसर में निकाली गई इस रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। छात्राओं के जोशीले नारों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

शहीद जवानों को श्रद्धांजलि और राष्ट्रभक्ति का संकल्प

रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स और महाविद्यालय स्टाफ ने अनुशासन का परिचय देते हुए देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को याद किया। इस अवसर पर शहीद जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व और अनुशासन की भावना प्रबल होती है। उन्होंने जोर दिया कि वीर जवानों का साहस और उनका बलिदान हमारे देश की असली पूंजी है, जिसका सम्मान करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है।

राष्ट्र निर्माण में एनसीसी और छात्राओं की भूमिका

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को वीरता और शौर्य का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम छात्राओं को राष्ट्र सेवा के प्रति जागरूक करने का एक बेहतरीन माध्यम है। वहीं, सायंकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर ने भी छात्राओं के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में न केवल नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए भी प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिससे छात्राओं में देश सेवा का नया संकल्प देखने को मिला।