कैथल जेल में विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 62 यूनिट रक्त दान किया।

राकेश कथूरिया,कैथल। विश्व रक्तदाता दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा महानिदेशक कारागार के विशेष निर्देशों के अनुपालन में कैथल जेल परिसर में एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कैथल सिविल सर्जन और जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें जेल अधीक्षक अशोक कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई। इस रक्तदान शिविर में जेल परिसर में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने पूरे उत्साह के साथ स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस नेक पहल का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के महत्व को उजागर करना और जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। कुल मिलाकर इस शिविर में 62 यूनिट रक्त का सराहनीय संग्रह किया गया।

रक्तदान से अनमोल जीवन बचाना लक्ष्य

रक्तदान शिविर के दौरान जेल अधीक्षक अशोक कुमार ने सभी रक्तदाताओं, मेडिकल टीम और पूरी व्यवस्था में सहयोग देने वाली टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने रक्तदान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का अनमोल जीवन बचा सकता है, इसलिए रक्तदान को ‘जीवनदान’ कहा जाता है। इस आयोजन के दौरान जेल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें सहायक अधीक्षक जेल शैलाक्षी भारद्वाज, विकास और उप-सहायक अधीक्षक सुखदेव सिंह प्रमुख थे। उन्होंने भी शिविर की सफलता के लिए कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें समाज सेवा के इस कार्य के लिए निरंतर प्रेरित करते रहने का संकल्प लिया।