कैथल। हरियाणा के कैथल में शहर की सफाई व्यवस्था ठप करने पर नगर परिषद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) संदीप सोलंकी ने बिना सूचना हड़ताल पर जाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पे-रोल के 6 कर्मचारियों को टर्मिनेट कर दिया है, जबकि 1 पक्के कर्मचारी (दरोगा) को सस्पेंड कर दिया गया है। दूसरी ओर, इस विभागीय कार्रवाई के विरोध में नगर पालिका कर्मचारी संघ से जुड़े सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल 9 सितंबर तक बढ़ा दी है। इसके चलते शहर भर की सड़कों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं और स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

नोटिस का जवाब न देने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर गाज

प्रशासनिक आदेशों के मुताबिक, इन कर्मचारियों पर बिना कारण बताए हड़ताल में शामिल होने और ड्यूटी से गैर-हाजिर रहने का आरोप है। जब नगर परिषद की ओर से इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, तो कर्मचारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके अलावा, जब प्रशासन ने अपने स्तर पर शहर में सफाई का काम शुरू करवाया, तो इन कर्मचारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

2 सितंबर को दर्ज कराया गया था पुलिस केस

नगर परिषद के ईओ संदीप सोलंकी ने बताया कि सरकारी काम में रुकावट डालने और नुकसान पहुंचाने को लेकर 2 सितंबर को कर्मचारियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में केस भी दर्ज कराया गया था। अब इसी मामले में विभागीय जांच के बाद कर्मचारियों को टर्मिनेट और सस्पेंड करने के लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं।

कर्मचारियों की हड़ताल 3 दिन और बढ़ी, दफ्तर में प्रदर्शन जारी

प्रशासनिक कार्रवाई के बीच नगर पालिका कर्मचारी संघ से जुड़े सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को तीन दिन और बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे 9 सितंबर तक हड़ताल पर रहेंगे और नगर परिषद कार्यालय परिसर में प्रदर्शन जारी रखेंगे। संघ का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा।

सड़कों पर पसरा कचरा, चरमराई सफाई व्यवस्था

हड़ताल के शुरुआती दिनों में नगर परिषद प्रशासन ने अपने संसाधनों से शहर में सफाई कराई थी, लेकिन अब वह व्यवस्था भी पूरी तरह बंद हो गई है। इसके चलते शहर के प्रमुख इलाकों में गंदगी का अंबार लग गया है। रेलवे गेट, डोगरा गेट, माता गेट, कमेटी चौक, पुराना बस स्टैंड, ढांड रोड, अंबाला रोड और छात्रावास रोड पर जगह-जगह कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m