सिरसा: हरियाणा के सिरसा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डबवाली की गोल बाजार चौकी में तैनात ASI जगजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ASI ने हेरोइन तस्करी के मामले में आरोपी पंजाब निवासी कर्णदीप उर्फ बबलू को केस से निकलवाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।

ACB की कार्रवाई के दौरान चौकी पर मौजूद ASI/पुलिसकर्मी राजबीर सिंह द्वारा रिश्वत की रकम लेकर मौके से फरार होने की सूचना है। ACB टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।

दरअसल, कुछ समय पहले पुलिस ने तरसेम नाम के युवक को 263 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान तरसेम ने पुलिस को बताया था कि उसने यह हेरोइन पंजाब निवासी कर्णदीप उर्फ बबलू से ली थी। इसके बाद पुलिस ने कर्णदीप उर्फ बबलू को भी मामले में आरोपी बनाया था।

इसी मामले में ASI जगजीत सिंह पर आरोप है कि उसने बबलू को केस से बाहर निकलवाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया और ASI को रिश्वत लेते पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम लेकर एक अन्य पुलिसकर्मी के फरार होने की सूचना से मामला और गंभीर हो गया है। ACB अब फरार पुलिसकर्मी राजबीर सिंह की तलाश के साथ पूरे रिश्वत प्रकरण की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m