हरियाणा के अंबाला शहर स्थित गुरु नानक नगर में रविवार शाम एक शराबी पति ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी की छुरी से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी पति बंटी ने चरित्र पर शक के विवाद के दौरान अपनी पत्नी हीना के पेट, छाती और कोहनी पर कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से घायल महिला को अंबाला शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

13 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चे हैं

मृतका हीना की शादी करीब 13 साल पहले बहादुरगढ़ निवासी बंटी के साथ हुई थी। दोनों का एक 11 साल का बेटा और 9 साल की बेटी है। यह परिवार पिछले तीन महीने से गुरु नानक नगर के मकान नंबर 19-सी में किराये पर रह रहा था। आरोपी बंटी एक स्थानीय फैक्टरी में काम करता है।

फोन व्यस्त मिलने पर करता था झगड़ा

हीना के भाई नन्नू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बंटी लगातार उसकी बहन के चरित्र पर शक करता था। जब भी हीना का फोन व्यस्त मिलता था या वह किसी से बात करती थी, तो बंटी उसके साथ मारपीट और झगड़ा करता था। इस दौरान वह कई बार हीना को जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।

तलाक की बात सुन भड़का, छुरी से किए वार

घटना के समय रविवार शाम करीब 4:30 बजे हीना घर के आंगन में कपड़े धो रही थी। तभी बंटी शराब के नशे में घर पहुंचा और हीना से गाली-गलौज करने लगा। बंटी के रवैये से तंग आकर जब हीना ने उससे तलाक लेने की बात कही, तो वह भड़क गया। उसने रसोई से छुरी उठाई और हीना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

भाई को धमकाकर मौके से हुआ फरार

बहन पर हमला होते देख नन्नू उसे बचाने दौड़ा, लेकिन आरोपी बंटी उसे भी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बलदेव नगर थाना पुलिस और डॉ. चंद्रशेखर के नेतृत्व में सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m