राकेश कथूरिया, कैथल। नशे मुक्त हो जिला मुहिम के तहत समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशानुसार जिले भर में नशा जागरूकता अभियान निरंतर प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेषकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया की नशा जागरूकता team में शामिल पीएसआई शनेष, एसआई कर्मबीर सिंह, एएसआई मनोज, एचसी दिनेश, सिपाही नसीब, महिला सिपाही नीलम, महिला एसपीओ गीता व एसपीओ चांदी राम की टीम द्वारा गांव कांगथली, सीवन व चीका के सभी वार्डों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों, युवाओं, विद्यार्थियों तथा महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम द्वारा उपस्थित लोगों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और आने वाले भविष्य पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।