कैथल पुलिस लाइन में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सेवानिवृत्त हुए 5 पुलिस कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई दी। एसपी ने कर्मचारियों की दीर्घकालिक सेवाओं की सराहना करते हुए उनके सुखद और स्वस्थ जीवन की कामना की।

राकेश कथूरिया, कैथल। पुलिस विभाग में शानदार सेवाएं देने के उपरांत पुलिस विभाग से रिटायर्ड होने वाले 5 कर्मचारियों को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह के दौरान एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, डीएसपी बीर भान तथा डीएसपी सुशील प्रकाश द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रिटायरमेंट होने वाले कर्मचारियों में इंस्पेक्टर रामकुमार, इंस्पेक्टर ईश्वर, एसआई बलकार सिंह, एसआई सुशील कुमार और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरपाल सिंह शामिल हैं।

एसपी ने दी बधाई और शुभकामनाएं

इस दौरान एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस विभाग में नौकरी के दौरान समय-समय पर विषम परिस्थितियां आती रहती हैं, जिनसे निपटते हुए विभाग को लंबी सेवा देने के उपरांत सकुशल सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस अफसर सदैव ड्यूटी पर होता है और वह कभी भी रिटायर नहीं होता। जो शिक्षा उसने ट्रेनिंग के दौरान पुलिस विभाग से प्राप्त की है, वह सदा उसके साथ रहती है। इसलिए उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी खुद को रिटायर्ड न समझकर समाज सेवा के कार्यों में लिप्त रहकर अपने परिवार को ज्यादा से ज्यादा समय दें।

पुलिस विभाग सदैव रहेगा साथ

उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनके अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का बेहतरीन समय पुलिस विभाग रूपी परिवार में गुजारा है। रिटायरमेंट के उपरांत भी पुलिस से तालमेल कायम रखने की बात कहते हुए संदेश दिया कि पुलिस विभाग आगे भी उनके प्रत्येक दुख-सुख का भागीदार बना रहेगा।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अवसर पर एसपी प्रवाचक एसआई तरसेम लाल, ओएएसआई प्रवेश, पूर्व में पुलिस विभाग से रिटायर हो चुके कर्मचारियों सहित अन्य पुलिस कर्मचारी तथा अधिकारी मौजूद रहे।