कैथल के पोलड़ और ढांड क्षेत्र में आयोजित सरपंच चुनाव पुलिस की कड़ी मुस्तैदी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। इस दौरान पुलिस जवानों ने बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की सहायता कर सेवा भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
राकेश कथूरिया, कैथल। जिले के पोलड़ और ढांड क्षेत्र में आयोजित सरपंच चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के बीच मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी की, जिससे मतदाताओं ने बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुरक्षा के साथ सेवा का संगम
चुनाव के दौरान कैथल पुलिस का एक मानवीय चेहरा भी सामने आया, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस जवानों ने केवल सुरक्षा की जिम्मेदारी ही नहीं निभाई, बल्कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद मतदाताओं की सहायता कर मानवता का संदेश दिया। कई मतदान केंद्रों पर पुलिस कर्मी बुजुर्गों को सहारा देकर बूथ तक पहुँचाते और उन्हें मतदान प्रक्रिया में सहयोग करते देखे गए। खाकी के इस सहयोगात्मक और सेवाभावी व्यवहार को देखकर स्थानीय नागरिकों और मतदाताओं ने पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कानून व्यवस्था रही पूरी तरह कायम: पुलिस
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूरे चुनाव के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रही। पुलिस की मुस्तैदी और आमजन के सहयोग से कहीं से भी किसी भी प्रकार की हिंसा या विवाद की खबर सामने नहीं आई। चुनाव प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद कैथल पुलिस ने जिले के नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने के लिए जनता को धन्यवाद दिया है। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस गश्त के जरिए शांति व्यवस्था पर नजर रखे हुए है।

