राकेश कथूरिया, कैथल। नशा मुक्त जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के दौरान स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक विदेशी नागरिक को 1 किलो 85 ग्राम चरस (सुल्फा) सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से 3 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई संदीप कुमार की टीम बस अड्डा पूंडरी क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एनएच-152डी मोहना पुल, करनाल से कैथल मार्ग के नीचे एक व्यक्ति बैग में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेडिंग पार्टी का गठन कर बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर गांव मोहना की तरफ भागने लगा। सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे काबू कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मनुचेर रशीदी निवासी वियना, ऑस्ट्रिया, हाल निवासी चुहाड़ी जिला वेल्लिपुरम, तमिलनाडु के रूप में हुई। डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से पॉलीथिन में रखी 1 किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2009 से भारत में रह रहा है और तमिलनाडु की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह अपने परिवार सहित तमिलनाडु में रहता है। आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश गया था और वहीं से यह नशीला पदार्थ खरीदकर लाया था।

पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।