सड़क सुरक्षा नियमों की पालना से दुर्घटनाओं पर लग सकती है रोक, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश

कैथल। जिला उपायुक्त अपराजिता ने जिलेवासियों से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भी अहम भूमिका है।

डीसी अपराजिता ने सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के साथ-साथ यह भी जांचा जाए कि सभी सड़कें निर्धारित मानकों के अनुरूप हों। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कदम प्रभावी ढंग से उठाने के निर्देश दिए।

स्कूल-कॉलेजों में चलाएं जागरूकता अभियान

डीसी ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और आमजन के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए। लोगों को बताया जाए कि यातायात नियमों की अनदेखी करने से केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोग भी खतरे में पड़ सकते हैं।

उन्होंने नागरिकों से ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, ओवरस्पीड से बचने और जेब्रा क्रॉसिंग का सही तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही सड़क पर लगे यातायात संकेतों को समझकर उनका पालन करने पर भी जोर दिया।

हेलमेट और सीट बेल्ट का करें इस्तेमाल

डीसी अपराजिता ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और शराब पीकर वाहन चलाने से पूरी तरह बचें। उन्होंने धीमी गति के संकेतों को भी गंभीरता से लेने तथा जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की।

उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

नाबालिग बच्चों को वाहन न दें अभिभावक

डीसी ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि नाबालिगों का वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ दुर्घटना का गंभीर कारण भी बन सकता है। इसलिए अभिभावकों को इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

डीसी अपराजिता ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना हर नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। प्रशासन, संबंधित विभागों, यातायात पुलिस और आमजन के सामूहिक प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम की जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m