राकेश कथूरिया, कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में डीसी अपराजिता ने आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में बिजली बिल, सीवरेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और बिजली पोल हटाने से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए।
45 हजार से ज्यादा आया बिजली बिल
गांव पीडल निवासी वेद प्रकाश ने बताया कि उनका घरेलू बिजली बिल 45 हजार रुपये से भी ज्यादा आया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभाग और सीएम विंडो पर भी शिकायत दी जा चुकी है। डीसी अपराजिता ने शिकायत को बिजली विभाग को भेजते हुए मामले की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
टूटे सीवरेज ढक्कनों की शिकायत
बिशनगढ गामड़ी निवासी विक्की ने कॉलोनी में टूटे हुए सीवरेज के ढक्कनों की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि ढक्कन टूटे होने के कारण बच्चों सहित अन्य लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी रखी। वहीं, गांव कौल निवासी राजेश कुमार ने मकान के गेट के सामने लगे खाली बिजली पोल को हटाने की शिकायत दी।
शिकायतें लंबित रखने पर जिम्मेदारी तय होगी
डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। डीसी ने अधिकारियों को शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना उचित कारण शिकायतों को लंबित रखने या कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


