कैथल के एक निजी स्कूल में छात्राओं के स्विमिंग पूल चेंजिंग रूम में चोरी-छिपे वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गौरव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

कैथल। शहर के एक निजी स्कूल में छात्राओं के स्विमिंग पूल के चेंजिंग रूम में चोरी-छिपे वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गौरव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस को दी शिकायत में छात्राओं के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटियां सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती हैं। स्कूल परिसर में स्विमिंग पूल है, जहां विद्यार्थियों को नियमित रूप से तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाता है।

21 जुलाई को प्रशिक्षण के बाद कुछ छात्राएं स्विमिंग पूल परिसर में बने चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान स्कूल का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गौरव रोशनदान के पास पहुंचा और मोबाइल फोन से छात्राओं का वीडियो बनाने लगा।

कपड़े बदलते समय छात्राओं की नजर आरोपी पर पड़ गई। छात्राओं ने बिना आरोपी को भनक लगे अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और प्रबंधन को मामले से अवगत कराया। आरोप है कि आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन परिजनों ने उसे पकड़ लिया।

परिजनों ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें छात्राओं के कपड़े बदलते समय बनाए गए वीडियो मिलने का आरोप है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।