कैथल सहकारी चीनी मिल में आगामी पिराई सत्र के सफल संचालन के लिए परंपरागत विधि-विधान से रोलर पूजन किया गया। मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर पूजा-अर्चना की और बेहतर परिणाम प्राप्त करने की कामना की।
राकेश कथूरिया, कैथल। आगामी पिराई सत्र की तैयारियों के अंतर्गत कैथल सहकारी चीनी मिल में बुधवार को परंपरागत विधि विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मिल हाउस में रोलर पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विधिवत पूजा अर्चना की तथा आगामी पिराई सत्र के सफल, सुरक्षित एवं सुचारू संचालन की कामना की।
प्रबंधन की प्रतिबद्धता
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक ने कहा कि रोलर पूजन भारतीय परंपरा एवं कार्य संस्कृति का प्रतीक है। आगामी पिराई सत्र को बेहतर तकनीकी दक्षता, समयबद्ध संचालन तथा किसानों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए मिल प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
बेहतर परिणाम की उम्मीद
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मशीनरी का अंतिम निरीक्षण करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। प्रबंध निदेशक ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को आगामी पिराई सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपना-अपना कार्य निष्ठा व लगन से करें ताकि मिल इस पिराई सत्र के दौरान और बेहतर परिणाम प्राप्त कर सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी अपने-अपने स्टेशनों की मशीनरी की भली-भांति जांच कर लें ताकि पिराई सत्र के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

