हरियाणा के कैथल जिले के उझाना गांव में बुधवार तड़के बीमार बेटे के इलाज को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कैथल। जिले के उझाना गांव में बुधवार तड़के करीब चार बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बीमार बेटे के इलाज की पद्धति को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के समय दोनों बच्चे घर के बाहर सो रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सतीश कुमार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाई ने दर्ज कराई शिकायत
पानीपत जिले के जलालपुर गांव निवासी निवेश ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी बहन पूनम का विवाह लगभग 22 वर्ष पहले उझाना निवासी सतीश कुमार से हुआ था। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक 18 वर्ष की बेटी और 16 वर्ष का बेटा शामिल है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सतीश अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट और झगड़ा करता था। मंगलवार रात को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सुबह जब बच्चे सोकर उठे तो मां का शव पड़ा मिला, जबकि पिता गायब था।
इलाज के तरीके पर था विवाद
दंपती का 16 वर्षीय पुत्र लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार है। उसकी आंख और गले में समस्या होने के कारण वह ठीक से देखने और बोलने में असमर्थ है।
पूनम बच्चे का इलाज तांत्रिकों और झाड़-फूंक के जरिए करा रही थी, जबकि सतीश चाहता था कि बेटे को किसी योग्य डॉक्टर को दिखाया जाए। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी सतीश कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह का सामने आया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


