गुड़गांव में काजल हाजी किन्नर के एक कथित ऑडियो के वायरल होने के बाद किन्नर समाज में भारी विवाद खड़ा हो गया है। सोहना-तावडू किन्नर समाज ने उन पर सनातन धर्म का अपमान करने और झूठे आरोप लगाने की बात कहकर सुप्रीम कोर्ट की शरण लेने का फैसला किया है।
सुशीला देवी, गुड़गांव। काजल हाजी किन्नर के एक कथित ऑडियो को लेकर किन्नर समाज में विवाद गहरा गया है। सोहना-तावडू किन्नर समाज की प्रधान सीमा सिसोदिया उर्फ मनोज सिसोदिया की चेला एवं उपप्रधान गरिमा यादव ने प्रेस को जारी बयान में काजल हाजी किन्नर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पहले भी काजल हाजी किन्नर ने सोहना-तावडू के किन्नर समाज पर नशा बेचने और अवैध रूप से मकान बनाकर रहने जैसे आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस जांच में ये आरोप सही नहीं पाए गए।
सनातन धर्म के अपमान का आरोप
गरिमा यादव ने आरोप लगाया कि इसके बाद सामने आए एक कथित ऑडियो में काजल हाजी किन्नर ने पुलिस प्रशासन पर पैसे लेकर गलत कार्रवाई करने के आरोप लगाए। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि ऑडियो में सनातन धर्म के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे सनातन धर्म के किन्नर अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कथित टिप्पणियां किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकतीं। इस मामले के सामने आने के बाद से पूरे इलाके के किन्नर समाज और सनातन धर्म प्रेमियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी पूरी
गरिमा यादव ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उनका कहना है कि न्यायालय से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सनातन धर्म के किन्नर से जुड़े लोग लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध भी दर्ज कराएंगे। किन्नर समाज का कहना है कि वे अपनी आस्था और समाज के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानूनी रूप से नहीं छोड़ेंगे।
गुरु रेशमा नायक ने की निंदा
इसी बीच, काजल हाजी किन्नर की गुरु रेशमा नायक किन्नर का एक वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में रेशमा नायक ने कथित तौर पर कहा है कि सोहना-तावडू के किन्नर समाज का इस पूरे विवाद से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार सोहना-तावडू के किन्नरों पर लगाए गए आरोप गलत हैं और वह उनके साथ खड़ी हैं। साथ ही उन्होंने काजल हाजी किन्नर के कथित बयानों की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी धर्म, समाज या व्यक्ति पर बिना आधार के आरोप लगाना उचित नहीं है।

