राजधानी दिल्ली के चर्चित कालकाजी गैंगरेप (Kalkaji Gang-rape) मामले में पीड़िता ने पुलिस (Delhi Police) को अपनी आपबीती बताई है। पीड़िता के अनुसार, वह अपने जन्मदिन पर कालकाजी मंदिर में पूजा करने के लिए आई थी। शाम करीब 5:45 बजे वह मंदिर पहुंची थी और करीब 7 बजे अपने दोस्त समीर के साथ बाहर निकली। पीड़िता ने बताया कि मंदिर से निकलने के बाद वह अपने दोस्त के साथ कालकाजी मेट्रो स्टेशन (Metro Station) के गेट नंबर-7 के पास स्थित पार्क में गई। दोनों वहां एक बेंच पर बैठे थे। इसी दौरान करीब 30 से 35 वर्ष की उम्र के 3 युवक वहां पहुंचे। पार्क में पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसके दोस्त को थप्पड़ मारा। इसके बाद उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए।
पिस्तौल और चाकू दिखाकर धमकाने का आरोप
पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपियों में से एक ने दूसरे युवक को ‘आसिफ’ नाम से पुकारा। आसिफ ने काले रंग की पिस्तौल निकालकर उसे धमकाया। इसके बाद अन्य दो आरोपियों, जिन्हें ‘हेमू’ और ‘दीपु’ के नाम से बुलाया गया, ने चाकू निकाल लिए। तीनों आरोपी उसे झाड़ियों के पास एक सुनसान हिस्से में ले गए। वहां लाल रंग की बेंच के पास उसे हथियारों के बल पर धमकाया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ यौन हिंसा की।
जन्मदिन पर मंदिर में पूजा करने गई थी पीड़िता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका जन्मदिन था और वह कालकाजी मंदिर में पूजा करना चाहती थी। इसके लिए उसने अपने दोस्त से उसे मंदिर ले चलने के लिए कहा था। उसकी मां खाना बनाने का काम करती हैं और उस दिन वह काम पर गई थीं। इसलिए पीड़िता ने अपनी बड़ी बहन को बताया था कि वह अपने दोस्त के साथ मंदिर जा रही है। वह शाम करीब 5 बजे घर से ऑटो लेकर निकली और करीब 5:45 बजे कालकाजी मंदिर पहुंची। वह और उसका दोस्त करीब 7 बजे तक मंदिर में रहे। इसके बाद दोनों मंदिर से बाहर आए। मंदिर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने कालकाजी मेट्रो स्टेशन के बाहर से चिप्स और पानी की बोतल खरीदी। इसके बाद दोनों मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-7 से पार्क के अंदर चले गए।
‘मेरे दोस्त को थप्पड़ मारा, बोले- हम पुलिस वाले हैं’
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह उसने अपने दोस्त समीर से कहा कि पहले कुछ देर पार्क में बैठकर चिप्स खा लेते हैं, फिर मंदिर जाएंगे। दोनों पार्क में एक बेंच पर बैठे और चिप्स खाने लगे। इसी दौरान करीब 30 से 35 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे। पीड़िता के मुताबिक, युवकों ने उसके दोस्त को पकड़कर थप्पड़ मारा। जब दोनों ने उनसे उनकी पहचान पूछी तो उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और पार्क में आने की वजह पूछी। आरोपियों ने कहा कि वहां आना मना है। इसके बाद उनमें से एक युवक समीर को दूसरी तरफ ले गया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने दोनों के मोबाइल फोन भी ले लिए।
पिस्तौल दिखाने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद दो युवकों ने उसे झाड़ियों की ओर चलने के लिए कहा। वह डर गई और उसने उनसे कहा कि जो भी पूछताछ करनी है, वहीं करें और जरूरत हो तो उसकी मां से बात कर लें। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे को ‘आसिफ भाई’ कहकर बंदूक निकालने को कहा। जिस युवक को आसिफ कहकर पुकारा गया था, उसने बैंगनी रंग की शर्ट पहन रखी थी और वह तीनों में शारीरिक रूप से मजबूत दिख रहा था। पीड़िता का आरोप है कि आसिफ ने काले रंग की बंदूक निकाली और कुछ देर बाद उसे वापस रख लिया।
‘लाल रंग की बेंच पर ले गए, चाकू दिखाकर डराया’
पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि इसके बाद दोनों युवकों ने चाकू निकाल लिए और उसे पार्क के एक सुनसान और अंधेरे हिस्से में ले गए। आरोपियों ने उसे लाल रंग की बेंच के पास ले जाकर धमकाया। आसिफ ने चाकू दिखाकर उसके साथ यौन हिंसा की। उसने बताया कि इस दौरान वह डर गई और रो रही थी। इसके बाद आरोपियों ने उसे पार्क में दूसरी जगह ले जाकर फिर धमकाया और उसके साथ यौन हिंसा की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद तीसरा युवक भी वहां पहुंचा, जिसे उसके साथी दीपु नाम से बुला रहे थे। उसने भी चाकू दिखाकर उसके साथ यौन हिंसा की। इसके बाद आरोपियों ने उसे कपड़े पहनने के लिए कहा और अपने कपड़े दिए। आरोपियों ने इसके बाद समीर को भी वापस बुलाया और दोनों के मोबाइल फोन लौटा दिए। उन्होंने कथित तौर पर दोनों को धमकी दी कि वे तुरंत वहां से चले जाएं और घटना के बारे में किसी को न बताएं। इसके बाद आरोपी दोनों को पार्क से बाहर ले गए। पार्क से बाहर निकलने के बाद पीड़िता ने समीर को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद समीर ने पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को फोन कर सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आसिफ (31) समेत उसके दो साथियों हेमंत (31) और उसके भाई मुकेश (24) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


