अमित पांडेय, सीधी। कमर्जी थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराने के बाद उन्हें जिला न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं इस मामले के एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
ये भी पढ़ें: खेल-कूद की उम्र में ‘अपराध के उस्ताद’ बने 4 नाबालिग, चोरी की 10 बाइकों के साथ दबोचे गए, CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
नाली के पारिवारिक विवाद में लगाया था चक्काजाम
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना सोमवार को कमर्जी थाना क्षेत्र में घटित हुई थी। यहां एक परिवार में नाली को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुख्य सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया, जिससे वाहनों की कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
जाम खुलवाने पहुंचे थाना प्रभारी पर हुआ जानलेवा हमला
सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही कमर्जी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। जब वे समझाइश देकर सड़क पर लगे जाम को खुलवाने का प्रयास कर रहे थे, तभी विवाद कर रहे उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया। इस झड़प और हमले के दौरान कमर्जी थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें: तालाब बना काल: नहाने के दौरान डूबने से दो बहनों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
कड़ी कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस पर हुए इस सीधे हमले को जिला पुलिस प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। घटना के तुरंत बाद विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई और 6 मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार चल रहे आखिरी आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

