Virat Kohli reacts to Kane Williamson’s retirement: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। 16 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी शानदार बल्लेबाजी, शांत स्वभाव और प्रभावशाली नेतृत्व से पहचान बनाने वाले विलियमसन के इस फैसले से उनके प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी भी भावुक नजर आए।
न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल केन विलियमसन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश के लिए सर्वाधिक 19,346 रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में विदा ले रहे हैं। उनके संन्यास की घोषणा के बाद दुनिया भर के क्रिकेटरों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसी कड़ी में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी अपने पुराने दोस्त और प्रतिद्वंद्वी के लिए भावुक संदेश साझा किया।
विराट कोहली ने लिखा भावुक संदेश

विराट कोहली और केन विलियमसन की दोस्ती क्रिकेट जगत में काफी चर्चित रही है। दोनों खिलाड़ियों ने अंडर-19 स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक कई मुकाबलों में एक-दूसरे के खिलाफ खेला है। विलियमसन के संन्यास पर प्रतिक्रिया देते हुए कोहली ने कहा,
“कई वर्षों के सफर में एक विरोधी से दोस्त बनने तक, इतने सालों तक आपकी बल्लेबाजी देखना और आपके खिलाफ खेलना बेहद सुखद अनुभव रहा है। लेकिन उससे भी कहीं अधिक मैं हमारी दोस्ती और खेल के साथ-साथ जीवन के कई मुद्दों पर हमारी साझा सोच को बहुत महत्व देता हूं। हमारी हर बातचीत और मुलाकात मेरे लिए हमेशा अनमोल रहेगी, भाई। तुमने अपना फर्ज पूरा कर लिया है। अब तुम इस आराम और सुकून के हकदार हो। बहुत बढ़िया दोस्त, जिंदगी की तो अभी बस शुरुआत हुई है।”
कोहली का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट प्रशंसक दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के बीच की दोस्ती की सराहना कर रहे हैं।
‘संन्यास लेने का यही सही समय था’
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए केन विलियमसन ने कहा कि वह पिछले कुछ समय से इस फैसले पर विचार कर रहे थे और अब उन्हें लगा कि यही सही समय है।

उन्होंने कहा, “मैं पिछले कुछ समय से इस बारे में सोच रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह साफ हो गया कि इस फैसले के लिए यही सही समय है। मैंने हमेशा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने की भूख के साथ हिस्सा लिया है और मुझे इस बात का गर्व है कि मैंने न्यूजीलैंड के लिए खेले हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।”
कप्तान के तौर पर भी रचा इतिहास
केन विलियमसन केवल एक शानदार बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड के सबसे सफल कप्तानों में भी गिने जाते हैं। उन्होंने 2016 से 2024 के बीच तीनों प्रारूपों में टीम की कमान संभाली और न्यूजीलैंड क्रिकेट के स्वर्णिम दौर का नेतृत्व किया।

उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने दो आईसीसी विश्व कप फाइनल और तीन सेमीफाइनल खेले। वहीं 2021 में टीम ने पहली बार आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रचा। विलियमसन की शांत नेतृत्व शैली और दबाव में बेहतर फैसले लेने की क्षमता की दुनिया भर में सराहना की गई।
आंकड़े जो उन्हें महान खिलाड़ियों की श्रेणी में खड़ा करते हैं

साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले केन विलियमसन ने अपने करियर में न्यूजीलैंड के लिए 378 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 19,346 रन बनाए, जिसमें 48 शतक और छह दोहरे शतक शामिल हैं।
पिछले साल नवंबर में उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था और अब सभी प्रारूपों से संन्यास लेकर अपने शानदार करियर का अंत कर दिया है। संन्यास के बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ जारी मौजूदा टेस्ट सीरीज के शेष मुकाबलों में भी हिस्सा नहीं लेंगे।
केन विलियमसन का नाम उन चुनिंदा खिलाड़ियों में हमेशा लिया जाएगा जिन्होंने अपने प्रदर्शन के साथ-साथ खेल भावना, विनम्रता और नेतृत्व से भी क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता। उनके संन्यास के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के एक सुनहरे अध्याय का अंत हो गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

