IND vs AFG ODI Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा एक खास उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे रोहित जैसे ही पहले मैच में मैदान पर उतरेंगे, वह भारतीय क्रिकेट के 37 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं।

दरअसल, अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में खेलने के साथ ही रोहित शर्मा भारत की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद टीम में लौटे रोहित इस सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उनकी नजर मैदान पर वापसी के साथ एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर भी होगी।
मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड टूटने के करीब
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में उतरते समय रोहित शर्मा की उम्र 39 साल और 44 दिन होगी। इसके साथ ही वह भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे।

अब तक यह रिकॉर्ड 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मोहिंदर अमरनाथ के नाम दर्ज है। अमरनाथ ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला 1989 में खेला था। उस समय उनकी उम्र 39 साल और 36 दिन थी। ऐसे में रोहित शर्मा यह रिकॉर्ड अपने नाम कर इतिहास के पन्नों में नया अध्याय जोड़ सकते हैं।
कोहली और हार्दिक की कमी खलेगी
हालांकि अफगानिस्तान सीरीज से पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके भी लगे हैं। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। दोनों खिलाड़ी फिलहाल रिकवरी पर काम कर रहे हैं और उनके इंग्लैंड दौरे तक टीम में वापसी करने की उम्मीद जताई जा रही है।
ऐसे में बल्लेबाजी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी रोहित शर्मा, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों पर होगी।
धर्मशाला में होगा पहला मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा। सीरीज के पहले मैच पर सभी की नजरें रोहित शर्मा पर रहेंगी, जो टीम को मजबूत शुरुआत देने के साथ-साथ एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम करने के करीब हैं।
ODI Series के लिए भारत और अफगानिस्तान की टीम
भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।
अफगानिस्तान की वनडे टीम
हश्मतुल्लाह शाहीदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह, सिद्दीकुल्लाह अटल, अफसर ज़ज़ई, इकराम अलीखिल, अजमतुल्लाह ओमरज़ई, कैस अहमद, बिलाल सामी, नंगेयालिया खरोटे, अब्दुल मलिक, ज़ियाउर रहमान शरीफी, शराफुद्दीन अशरफ, मोहम्मद सलीम सफी और रहमानुल्लाह।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

