महेंद्रगढ़। कनीना उपमंडल के भोजावास गांव में रविवार सुबह सड़क पर एक्सरसाइज कर रहे फायर ब्रिगेड के ड्राइवर को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में भोजावास निवासी संजय कुमार (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उप नागरिक अस्पताल कनीना में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुबह 5 बजे एक्सरसाइज के लिए निकला था
संजय कुमार रविवार सुबह करीब 5 बजे अपने साथी सचिन (27) के साथ भोजावास से सुंदरह रोड पर एक्सरसाइज करने गया था। इसी दौरान सुंदरह की तरफ से भोजावास की ओर आ रही तेज रफ्तार बाइक ने संजय को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से संजय सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद सचिन ने उसे तुरंत संभाला और भोजावास के निजी अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने संजय को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे उप नागरिक अस्पताल कनीना लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
करीब 5 साल से फायर ब्रिगेड में था ड्राइवर
संजय करीब 5 साल पहले हरियाणा रोजगार कौशल निगम के तहत फायर ब्रिगेड में ड्राइवर के पद पर लगा था। उसकी ड्यूटी नारनौल में थी। वह रोजाना नारनौल से भोजावास स्थित अपने घर आता-जाता था।
माता-पिता का पहले ही हो चुका है निधन
संजय के पिता ओमप्रकाश सिंह का वर्ष 2024 में निधन हो गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में उसकी मां भारती की भी मौत हो गई।
संजय दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। बड़ा भाई सतपाल हरियाणा पुलिस में कार्यरत है। बहन रजनी की शादी हो चुकी है।
पत्नी और 5 साल का बेटा
संजय शादीशुदा था। परिवार में उसकी पत्नी पूजा और 5 साल का बेटा गिरीश है। परिजनों के अनुसार, संजय की मौत के बाद परिवार में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है।हादसे के बाद भोजावास गांव में शोक का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


