धर्मेंद्र योगी, खातेगांव। देवास जिले के खातेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कांजीपुरा में हुए अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपी पुरानी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर चुका है।
सागवान की लकड़ी से किया था जानलेवा हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कांजीपुरा निवासी हिरालाल जाट और गांव के ही रहने वाले राहुल (पिता बनेसिंह राजपूत) के बीच लंबे समय से पुराना विवाद चल रहा था। घटना के दिन दोनों के बीच इसी रंजिश को लेकर एक बार फिर कहासुनी और विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि आरोपी राहुल ने पास ही पड़ी सागवान की लकड़ी उठाकर हिरालाल जाट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में हिरालाल के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वीडियो कॉल पर पत्नी को किया बाय-बाय और लगा ली फांसीः मृतक आरक्षक को मिली थी अनुकंपा नियुक्ति और 2 बच्चे भी
10 घंटे में दबोचा
हत्या की सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही खातेगांव पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी शुरू की। पुलिस टीम ने वारदात के मात्र 10 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी राहुल राजपूत को हिरासत में ले लिया।
भोपाल ट्विशा शर्मा केस में CBI का बड़ा एक्शन: डिलीट चैट और व्हाट्सएप बैकअप खंगाल रही एजेंसी,
BNS की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज
हिरासत में लिए जाने के बाद जब पुलिस ने आरोपी राहुल से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पुरानी रंजिश के चलते हिरालाल जाट की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। खातेगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
ग्रामीण इलाके में हुई इस गंभीर वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन सकता था, लेकिन खातेगांव पुलिस की तत्परता और केवल 10 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी ने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा। क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।


