कानपुर. कानपुर में चार महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले एक दंपति की दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है. पति पर पहले पत्नी की हत्या करने और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या करने का आरोप है. इस सनसनीखेज घटना के बीच अब दोनों का एक पुराना वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पुलिस और परिवार के सामने पूरी जिंदगी एक-दूसरे का साथ निभाने का वादा करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला और भी भावुक और चर्चित हो गया है.
इसे भी पढ़ें- UP Weather Update : कमजोर पड़ सकता है मानसून, 15 जिलों में मध्यम बारिश की संभावना, कोई अलर्ट नहीं
चार महीने पहले घरवालों के खिलाफ की थी लव मैरिज
मृतक सौरभ (23) और रानी उर्फ शालिनी (20) सचेंडी क्षेत्र के रहने वाले थे. दोनों पिछले तीन साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे. रिश्तेदारी होने की वजह से दोनों परिवार इस शादी के खिलाफ थे. इसके बावजूद दोनों घर छोड़कर चले गए और कोर्ट मैरिज कर ली. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 1 अप्रैल को दोनों को बरामद कर सचेंडी थाने में दोनों परिवारों के बीच पंचायत कराई थी.
थाने में किया था साथ निभाने का वादा
पंचायत के दौरान रानी ने पुलिस के सामने कहा था कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से सौरभ के साथ रहना चाहती है. उसने साफ कहा था कि उस पर किसी का दबाव नहीं है. वहीं सौरभ ने भी पुलिस और परिजनों के सामने पूरी जिंदगी रानी का साथ निभाने और उसकी जिम्मेदारी उठाने का वादा किया था. आखिरकार दोनों परिवारों ने अनमने मन से इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया.
दिल्ली से लौटे, फिर किराये के कमरे में मिली दोनों की लाश
शादी के बाद दोनों दिल्ली चले गए थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वहां रहना मुश्किल हो गया. करीब पांच दिन पहले दोनों कानपुर लौटे और बर्रा इलाके में किराये का कमरा लेकर रहने लगे. मंगलवार को जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई. दरवाजा तोड़ने पर रानी का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि सौरभ फंदे से लटका मिला. शुरुआती जांच में पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें- IIT कानपुर की वेबसाइट हैक, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान! एडमिशन न मिलने पर छात्र का बड़ा कदम
पुराना वीडियो बना जांच का अहम हिस्सा
घटना के बाद सामने आए पुराने वीडियो में दोनों का साथ जीने-मरने का वादा अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस दोनों के पुराने मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


