कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। कुछ दिन पहले रविवार को नेता चौक के पास झाड़ियों से एक 25 वर्षीय महिला मंजू देवी का शव बरामद हुआ था। इस घटना के सामने आने के बाद मृतका के परिजनों ने विकास पासवान पर हत्या और महिला के 6 वर्षीय बेटे आर्यन कुमार के अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
घटना के शुरुआती दिनों में पुलिस ने महिला का शव तो बरामद कर लिया था, लेकिन मासूम बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास पासवान के पिता हरि पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
शव मिलने के छह दिन बाद शनिवार की शाम को उसी इलाके की झाड़ियों से अचानक तेज दुर्गंध आनी शुरू हुई। स्थानीय ग्रामीणों ने जब पास जाकर देखा तो दंग रह गए। झाड़ियों के बीच बच्चे का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ था, जिससे दुर्गंध फैल रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कांटी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कांटी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत हालत में पड़े बच्चे के शव को अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि जिस वक्त बेरहमी से मां की हत्या की गई थी, उसी समय मासूम बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया गया होगा। छह दिनों तक शव झाड़ियों में छिपा रहा और जब मौसम की गर्मी और सड़न के कारण दुर्गंध फैली, तब जाकर इस भयानक सच का खुलासा हुआ।
इस पूरे मामले पर कांटी थानेदार रविकांत पाठक ने मीडिया को जानकारी दी कि मुख्य आरोपी विकास पासवान को दबोचने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मृतका के परिजनों की शिकायत और बयां के आधार पर मामले में कानूनी रूप से सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस खौफनाक दोहरे हत्याकांड के बाद से मृतिका का पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत के माहौल में जी रहा है। इलाके के लोग भी इस जघन्य अपराध के बाद से स्तब्ध हैं और पुलिस से जल्द से जल्द मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।


