कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी प्रखंड अंतर्गत दादर गांव में सोमवार को एक घटना सामने आई जहां बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से 19 वर्षीय एक युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान दादर वार्ड-9 निवासी स्वर्गीय पुनीत राम की पुत्री राखी कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शौच के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार युवती सुबह नदी किनारे शौच के लिए गई हुई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाई और डूब गई। देखते ही देखते युवती पानी में ओझल हो गई जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ नदी तट पर जमा हो गई। आनन-फानन में स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। घटना की जानकारी मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है।
अंचल अधिकारी ने दिया मुआवजे का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांटी अंचल के सीओ पिंटू कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने मृतका के परिजनों से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली और सांत्वना दी। सीओ ने राजस्व कर्मचारी प्रवीण कुमार को मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सीओ ने सरकारी नियमों के तहत आपदा प्रबंधन कोष से मृतका के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। इस दुःखद घटना ने पूरे दादर गांव को झकझोर कर रख दिया है।

