Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे एक कांवरिया की बदमाशों ने बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पारू थाना क्षेत्र के गोसाईं टोला के पास की बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, कांवरियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।
बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार मृतक कांवरिया पारू थाना क्षेत्र के गोसाईं टोला का ही रहने वाला है, जिसकी पहचान गोलू कुमार पुत्र रविंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। गोलू कुमार जल चढ़ाने के लिए कांवर लेकर बाबा गरीबनाथ धाम के लिए निकला था। अभी वह गोसाईं टोला के पास ही पहुंचा था कि एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो अज्ञात अपराधियों ने उसपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। गोली लगने के बाद गोलू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं, बेखौफ अपराधी मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम
गोलीबारी की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने देखा कि गोलू कुमार लहूलुहान होकर पड़ा हुआ है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए तुरंत सरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोलू के मौत की खबर सुनते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबह में हुए विवाद के बाद हत्या- एसएसपी
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मुजफ्फरपुर एससएपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि, अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक मृतक गोलू कुमार किसी बात को लेकर सुबह के समय विवाद हुआ था। जिसमें उसे धमकी दी गई थी। इस बीच जब वह जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम जा रहा था। तभी अपराधियों ने उसे गोली मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: आसमान से बरसेगी आफत! सभी 38 जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट जारी


