करनाल। हरियाणा में करनाल जिले के मुनक स्थित आर्यकुलम इंटरनेशनल स्कूल में करीब 1.75 करोड़ रुपये की स्कूल फीस में कथित गबन, धोखाधड़ी और रसीदों में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर मुनक थाना पुलिस ने स्कूल के अकाउंटेंट दिनेश, उसकी पत्नी साक्षी और भाई रविन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी दिनेश फरवरी 2022 से अगस्त 2026 तक स्कूल में फीस वसूलने, रसीद काटने और रिकॉर्ड संभालने की जिम्मेदारी संभाल रहा था.
एक अभिभावक की शिकायत से खुला 4 साल पुराना राज
यह पूरा फर्जीवाड़ा तब सामने आया जब 20 अगस्त 2026 को एक अभिभावक स्कूल पहुंचा. उसने बताया कि उसने अपने दो बच्चों की 11,900 रुपये फीस 11 अगस्त 2026 को सीधे अकाउंटेंट दिनेश के बैंक खाते में जमा कराई थी, लेकिन उसे रसीद नहीं मिली. जब स्कूल के सॉफ्टवेयर में रिकॉर्ड देखा गया, तो दोनों बच्चों की 5,600 और 6,300 रुपये की रसीदें 29 जुलाई 2026 की पिछली तारीख में कटी हुई मिलीं.
सीए की अंतरिम ऑडिट रिपोर्ट में 1.75 करोड़ की हेराफेरी
इसके बाद स्कूल के जनरल सेक्रेटरी कुलदीप ने वर्ष 2026-27 के पूरे फीस रिकॉर्ड की जांच कराई और सीए फर्म से विशेष ऑडिट कराया. सीए की अंतरिम ऑडिट रिपोर्ट में करीब 1.75 करोड़ रुपये का गबन सामने आया. हालांकि, स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि वर्ष 2022 से अगस्त 2026 तक डिजिटल रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर 2 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जीवाड़ा किया गया है. अंतिम ऑडिट के बाद पूरी रकम स्पष्ट होगी.
रसीदें रद्द कर पुरानी तारीखों में काटने का खेल
शिकायत के अनुसार दिनेश फीस काउंटर पर अभिभावकों को रसीद देने के बाद उसे सिस्टम में रद्द कर देता था और रिकॉर्ड में धोखाधड़ी कर उसी रकम की रसीद पिछली तारीख में काट देता था. इसके अलावा वह अधिकारियों के जाने के बाद रसीदों की क्रम संख्या बदले बिना नई रसीदें काट लेता था. कई अभिभावकों से नकद फीस लेकर भी स्कूल के खाते में जमा नहीं कराई गई.
पत्नी और भाई के खातों में भेजी गई फीस की रकम
पुलिस जांच में सामने आया है कि दिनेश फीस की रकम अपनी पत्नी साक्षी और भाई रविन्द्र के खातों में भेजता था. साक्षी के सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक और एसबीआई/एचडीएफसी खातों में अभिभावकों से यूपीआई के जरिए पैसे मंगवाए गए थे. शिकायत में यह भी बताया गया है कि इसी अवधि में दोनों भाइयों ने अलग-अलग मकान बनाए हैं. स्कूल प्रबंधन ने पुलिस से आरोपियों के मकान निर्माण में लगी रकम की भी जांच करने की मांग की है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

