चंडीगढ़/झज्जर। चंडीगढ़ के सेक्टर 42 स्थित सरकारी क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटके मिले असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) सतपाल का झज्जर स्थित उनके पैतृक गांव जाखोदा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया. चंडीगढ़ पुलिस की टुकड़ी ने अंतिम विदाई के दौरान उन्हें सलामी दी. वहीं, दूसरी ओर मृतक एएसआई के परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे सुसाइड मानने से साफ इनकार कर दिया है.
10 अक्टूबर को था जन्मदिन, भांजे की शादी में जाना था भात
ASI सतपाल की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. आगामी 10 अक्टूबर को ही सतपाल का 51वां जन्मदिन था. इसके अलावा 13 अक्टूबर को उनकी बहन अपने बेटे की शादी का न्योता देने आने वाली थीं. सोनीपत के रोलद गांव में 18 अक्टूबर को उनके भांजे की शादी थी, जिसमें सतपाल को भात भरने जाना था और इसके लिए उन्होंने बाकायदा छुट्टी भी अप्लाई की हुई थी. परिजनों का कहना है कि सतपाल बहुत मजबूत स्वभाव के व्यक्ति थे और वे ऐसा कदम बिल्कुल नहीं उठा सकते.
किसी केस को लेकर तनाव में होने की आशंका
मृतक के भतीजे ने बातचीत में कहा कि उनके चाचा किसी केस को लेकर परेशान या तनाव में हो सकते हैं. परिवार ने इस मामले में कई गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. सतपाल सरकारी आवास में अपनी पत्नी, सेकेंड ईयर में पढ़ रहे बेटे, छोटी बेटी और पढ़ाई कर रही भांजी के साथ रहते थे. घटना के समय उनकी पत्नी किसी काम से रोहतक गई हुई थीं.
पड़ोसी ने दरवाजे का शीशा तोड़ा तो उड़ गए होश
पुलिस थ्योरी के मुताबिक, मंगलवार को जब रोहतक गई पत्नी ने सतपाल के मोबाइल पर कई बार कॉल की और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पड़ोसियों से संपर्क किया. पड़ोसी जब घर पहुंचे और दरवाजे का शीशा तोड़कर अंदर देखा, तो सतपाल फंदे से लटके हुए थे. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारा और अस्पताल भिजवाया.
पुलिस मान रही सुसाइड, शव से आ रही थी दुर्गंध
चंडीगढ़ पुलिस इस घटना को शुरुआती तौर पर सुसाइड मानकर चल रही है. पुलिस के मुताबिक, शव से दुर्गंध आनी शुरू हो गई थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत कई घंटे पहले हो चुकी थी. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने के आधार पर पुलिस इसे खुदकुशी का मामला मान रही है, हालांकि परिजनों की आपत्तियों के बाद पुलिस अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच में जुटी है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

