करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के असंध में सफीदों रोड स्थित मून लाइट होटल में पुलिस ने अचानक छापेमारी की। पुलिस को होटल के अंदर से तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने होटल संचालक को भी पकड़ लिया है। कार्रवाई के दौरान होटल से कुछ संदिग्ध सामान बरामद होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
करनाल के असंध में पुलिस की इस कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, मून लाइट होटल में स्पा सेंटर संचालित होने और उसकी आड़ में संदिग्ध गतिविधियां होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की।
इस कार्रवाई में डीएसपी गोरखपाल राणा, महिला थाना प्रभारी कनुप्रिया और असंध थाना प्रभारी राजेश कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस टीम ने होटल के कमरों और परिसर की जांच की।
होटल से 3 युवक और 3 युवतियां मिलीं
जांच के दौरान पुलिस को होटल में तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मौके से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान होटल संचालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस अब होटल में संचालित गतिविधियों और वहां मौजूद लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दूसरे प्रदेशों की बताई जा रही युवतियां
जांच अधिकारी के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में युवतियों के दूसरे प्रदेशों से होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे असंध में कब से रह रही थीं और होटल में किस काम से जुड़ी थीं।
पुलिस की ओर से युवतियों के परिजनों से संपर्क करने और उन्हें थाने बुलाने की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की बात कही गई है।

पूछताछ के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। होटल से बरामद सामान और मौके की परिस्थितियों की जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस स्पा सेंटर की गतिविधियों के साथ-साथ होटल के संचालन और वहां आने-जाने वाले लोगों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
करनाल एसपी करन गोयल ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी होटल, स्पा सेंटर या अन्य स्थान पर संदिग्ध गतिविधियां नजर आती हैं तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करे.
- UP Holiday Alert: वाल्मीकि जयंती पर सोमवार को रहेगा सार्वजनिक अवकाश, बंद रहेंगे स्कूल और सरकारी दफ्तर
- Jamia Protest: जामिया में 14 दिन से छात्रों की भूख हड़ताल, स्टूडेंट यूनियन बहाली की मांग तेज
- पाकिस्तान से मिले न्योते पर मुख्यमंत्री मान ने कसा तंज, कहा- यूरोप की तरफ भी नहीं जाने देते, तो वहां कैसे जाने देंगे?
- पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब सीमा पर भेजी गई हेरोइन, अटारी क्षेत्र से हुई जप्त…
- छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की बार रूम की घोषणा, GST सुविधाओं के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

