करनाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर 12 बीएलओ को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने सख्त लहजे में सभी अधिकारियों को 14 जुलाई की समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
सुमन चौहान, करनाल। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) पर प्रशासन का सख्त एक्शन देखने को मिला है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कार्य में लापरवाही पाए जाने पर 12 बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें करनाल विधानसभा क्षेत्र के 9 और घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के 3 बीएलओ शामिल हैं।

बीएलओ पर सख्त कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि सभी बीएलओ को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि एसआईआर अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान कुछ बीएलओ के कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
सीटीएम ने दी जानकारी
वहीं, करनाल के सीटीएम सुरेश कुमार ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया लगातार जारी है और सभी बीएलओ को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों के कार्य में लापरवाही पाई गई, उनके खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।

14 जुलाई अंतिम तिथि
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि एसआईआर अभियान की अंतिम तिथि 14 जुलाई है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी समय सीमा के भीतर कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा करें, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्धारित समय पर संपन्न हो सके।

